लगभग 68 करोड़ रुपये से होगा भिवानी सब ब्रांच का पुनर्निर्माणः मंत्री श्रुति चौधरी

सीसर गांव में शहीद उधम सिंह को दी श्रद्धांजलि।

लगभग 68 करोड़ रुपये से होगा भिवानी सब ब्रांच का पुनर्निर्माणः मंत्री श्रुति चौधरी

महम, गिरीश सैनी। हरियाणा की महिला एवं बाल विकास, सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसी लाल और पूर्व मंत्री स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह की विकास एवं जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और किसी भी क्षेत्र को विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी शुक्रवार को सीसर गांव में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। इस दौरान राज्यसभा के पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा, जिला प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि चौ. बंसीलाल ने हरियाणा के विकास के लिए समान दृष्टिकोण के साथ काम किया तथा सिंचाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक लिफ्ट इरिगेशन सिस्टम लागू करवाकर रेतीले क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने का असंभव समझे जाने वाला कार्य संभव कर दिखाया।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकताओं की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सरकार विकास, विश्वास और प्रगति की भावना के साथ सभी वर्गों एवं क्षेत्रों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सिंचाई से संबंधित कई कार्य पहले ही वर्ल्ड बैंक परियोजना में शामिल किए जा चुके हैं। सिंचाई विभाग में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बड़े स्तर पर वित्तीय संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं तथा करीब 6 हजार करोड़ रुपये की वर्ल्ड बैंक परियोजना के माध्यम से मुख्य कैरियर लाइनों, नहरों के आधुनिकीकरण तथा टेल तक पानी पहुंचाने से संबंधित कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित हिस्सों के लिए सिंचाई विभाग द्वारा करीब 38 करोड़ रुपये के कार्य मंजूर किए गए हैं, जिन पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा इस क्षेत्र की जीवन रेखा मानी जाने वाली पुरानी भिवानी सब ब्रांच के पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास पर करीब 68 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य के पूरा होने से नहर की क्षमता एवं जल उपलब्धता में बढ़ोतरी होगी तथा क्षेत्र के किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि भिवानी सब ब्रांच के पुनर्वास का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी नजर रखें और किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर उन्हें तत्काल अवगत करवाएं। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि स्टेडियम की मांग को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखा जाएगा तथा अन्य जायज मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।

राज्यसभा के पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने चौ. बंसी लाल के साथ अपने लंबे राजनीतिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वे विकास, सिद्धांत और राजनीतिक शुचिता के लिए समर्पित नेता थे। उन्होंने मंत्री से गांव की सभी जायज मांगों को पूरा करवाने का आग्रह किया। इस दौरान ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी का गर्मजोशी से स्वागत किया और विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित मांग-पत्र भी सौंपा।