विक्रम संवत 2083 के स्वागत में भजन संध्या आयोजित

विक्रम संवत 2083 के स्वागत में भजन संध्या आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। भारत विकास परिषद चैरिटेबल ट्रस्ट एवं रोहतक शाखा के संयुक्त तत्वावधान में विक्रम संवत 2083 के आगमन के उपलक्ष्य में एक भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। दिल्ली से आए कलाकारों ने भगवान शिव की आराधना, राधा कृष्ण का महारास जैसी सुंदर प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में रोहतक मार्केट कमेटी के चेयरमैन अशोक चौधरी ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विकास तेहलान, संदीप गर्ग तथा सुशील गुप्ता मौजूद रहे। अशोक चौधरी ने कहा कि भारतीय नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होता है, जो हमारी प्राचीन संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन ने कहा कि भारतीय नववर्ष केवल तिथि परिवर्तन नहीं बल्कि नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए उत्साह का प्रतीक है। कार्यक्रम संयोजक सुरेश बंसल ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सहभोज के साथ हुआ।