व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी से बचें, फैक्ट चेक के बाद ही आगे बढ़ाएं खबरः सुनित मुखर्जी
बीएमयू में लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर विशेष व्याख्यान।
रोहतक, गिरीश सैनी। लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है। स्वतंत्र, निष्पक्ष, संवेदनशील और जवाबदेह मीडिया ही जनसरोकारों को आवाज देकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती दे सकता है। साथ ही आम नागरिकों को भी अपने अधिकारों और दायित्वों के प्रति जागरूक होकर लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। यह विचार एमडीयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक एवं निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने बाबा मस्तनाथ विवि (बीएमयू) में आयोजित विशेष व्याख्यान में व्यक्त किए।
राजनीति विज्ञान एवं लोक प्रशासन विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सुनित मुखर्जी ने -लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया का मूल दायित्व सत्य को सामने लाना और लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करना है। यदि मीडिया निष्पक्षता, सजगता और निर्भीकता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाए तो लोकतांत्रिक सुशासन को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने डिजिटल मीडिया के दौर में बढ़ती फेक न्यूज की चुनौती पर भी चिंता जताई। विद्यार्थियों को व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी का सदस्य बनने से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी है। उन्होंने मीडिया साक्षरता और फैक्ट चेकिंग को आज की जरूरत बताया।
सुनित मुखर्जी ने विद्यार्थियों से अपना वोट बनवाने और हर चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान हैं। डिजिटल दौर में आम नागरिक भी सिटीजन जर्नलिस्ट की भूमिका निभा सकता है, लेकिन इसके लिए जिम्मेदारी और तथ्यपरकता जरूरी है।
प्रारंभ में मानविकी संकाय के अधिष्ठाता प्रो. ब्रह्म प्रकाश ने स्वागत भाषण दिया और व्याख्यान की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। संचालन डॉ. सोनिका ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. निशा ने किया। इस दौरान राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन और पत्रकारिता विभाग के प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं शोधार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

