सेवा-सुशासन के दम पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा लाभः कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
रोहतक, गिरीश सैनी। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। वे शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा कार्यालय मंगल कमल में पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों को गिना रहे थे। इस दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल भी मौजूद रहे।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम नैरेटिव सेट करना और आमजन को गुमराह करना है, जबकि भाजपा सरकार सेवा भाव के साथ लोगों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं करने तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं को धरातल पर लागू कर पात्र लोगों तक उनका सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Girish Saini 

