एमडीयू के पूल में पदकों की जंग शुरू
कुलपति ने ओलंपिक में हरियाणा की पदक हिस्सेदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के स्विमिंग पूल में सोमवार को इंटर कॉलेज एक्वाटिक्स एवं वाटर पोलो (महिला एवं पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कुलपति प्रो. पूनियाँ ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रदेश की खेल प्रतिभाओं में देश को गौरवान्वित करने की अपार क्षमता है। खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए, ताकि ओलंपिक सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक पदक हासिल किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन अनुशासन, मेहनत, खेल भावना और प्रतिद्वंद्वी के प्रति सम्मान अच्छे खिलाड़ी की पहचान हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व देना जरूरी है। खेल अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पढ़ाई और खेल में संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया।
खेल निदेशक कुलताज सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की पुरुष वर्ग की पांच और महिला वर्ग की छह टीमें भाग ले रही हैं। इस दौरान डीन प्रो. जितेंद्र कुमार, डॉ. संजीव कुमार, सहायक निदेशक खेल डॉ. तेजपाल, डॉ. विपिन सैनी सहित प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

