बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के चुनाव 18 मार्च को
चुनाव को लेकर लगाई गई अधिकारियों की ड्यूटीः उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के आदेशानुसार बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के चुनाव 18 मार्च 2026 को प्रातः 9 से सायं 5 बजे तक जिला कोर्ट परिसर, रोहतक में स्थापित कुल छह मतदान केंद्रों पर होंगे।
चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में उपायुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। नगर निगम आयुक्त को मतदान दिवस पर जिला कोर्ट परिसर में साफ-सफाई तथा मूवेबल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने, पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने, बैलेट बॉक्स व चुनाव सामग्री को सुरक्षित रूप से लाने (संभावित तिथि 16.03.2026) तथा मतदान उपरांत सीलबंद बैलेट बॉक्स को लॉ भवन सेक्टर-37-ए चंडीगढ़ में जमा करवाने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडल आयुक्त के ओएसडी को उक्त चुनाव के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो चुनाव नियमों के अनुसार संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। यूएचबीवीएन के अधीक्षण अभियंता को मतदान दिवस पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, पीडब्ल्यूडी (भवन एवं सडक़) अधीक्षण अभियंता को मतदान से एक दिन पूर्व आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग करवाने, जल एवं स्वास्थ्य सेवा मंडल के अधीक्षण अभियंता को मतदान दिवस पर पेयजल की समुचित व्यवस्था करने, रोहतक के बीडीपीओ को चुनाव संबंधी बैलेट बॉक्स, बैलेट पेपर एवं अन्य चुनाव सामग्री को लॉ भवन सेक्टर-37-ए चंडीगढ़ से लाने, पोलिंग पार्टियों को वितरित करने तथा मतदान उपरांत सीलबंद एवं प्रयुक्त बैलेट बॉक्स को पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट परिसर, चंडीगढ़ में जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि रोहतक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को भी चुनाव के दौरान जिला प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया है। बैठक में चुनाव तहसीलदार सरला सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

