पांच स्वर्ण समेत 13 पदक झटके, तैराकी में सुदीक्षा का जलवा
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के गुरूग्राम स्थित सेंटर फॉर प्रोफेशनल एंड एलाइड स्टडीज (एमडीयू-सीपीएएस) की बीए-एलएलबी पांच वर्षीय पाठ्यक्रम की छात्रा सुदीक्षा ने अंतर-महाविद्यालय तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 पदक अपने नाम किए। अंतर-महाविद्यालय तैराकी प्रतियोगिता में उन्होंने पांच स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक जीतने के साथ प्रथम रनर-अप ट्रॉफी भी हासिल की।
सुदीक्षा ने 50 व 200 मीटर बैकस्ट्रोक, 400 मीटर फ्रीस्टाइल तथा 100 व 200 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण पदक जीते। वहीं 50 मीटर बटरफ्लाई, 100 मीटर बैकस्ट्रोक और 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में रजत पदक हासिल किए। 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 50, 100 व 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक तथा 200 मीटर फ्रीस्टाइल में उन्होंने कांस्य पदक जीते।
एमडीयू-सीपीएएस के निदेशक प्रो. प्रदीप के. अहलावत ने सुदीक्षा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि संस्थान में खेल सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के प्रयास जारी हैं, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलें। शिक्षकों ने भी सुदीक्षा को शुभकामनाएं दी।

Girish Saini 

