विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जागरूकता सेमिनार आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन अजय कुमार तेवतिया तथा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम विशाल कुमार के मार्गदर्शन में एक जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता के महत्व, लोकतंत्र में उसकी भूमिका तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
उपस्थित वक्ताओं ने प्रेस की निष्पक्षता, जिम्मेदारी एवं समाज के प्रति उसकी जवाबदेही पर प्रकाश डालते हुए रेखांकित किया कि स्वतंत्र एवं निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की आधारशिला है, जो शासन और जनता के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करती है।
विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित सीजेएम राकेश कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी को भी उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सीजेएम राकेश कुमार ने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता उस का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं न्याय सुनिश्चित करने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी प्रतिभागियों को प्रेस की स्वतंत्रता के संरक्षण एवं उसके जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

Girish Saini 

