दोआबा कॉलेज में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) की योजनाओं एवं सुविधाओं पर जागरूकता सैमीनार आयोजित
जालंधर, 2 जून, 2026: दोआबा कॉलेज, जालंधर में नॉन-टीचिंग कर्मचारियों के भलाई एवं जागरूकता के लिए संचालित कर्मचारी वेलफेयर श्रृंखला के अंतर्गत कर्मचारी राज्य बीमा भलाई निगम (ESIC) की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं संबंधी एक विशेष जागरूकता सैमीनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य कर्मचारियों को ईएसआईसी द्वारा प्रदान की जाने वाली सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था ।
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (Employees' State Insurance Corporation - ESIC) भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन एक वैधानिक संस्था है, जो संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करती है। ईएसआईसी योजना के अंतर्गत कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ बीमारी, मातृत्व, दुर्घटना, दिव्यांगता एवं आश्रित लाभ जैसी अनेक सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। यह योजना कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं आर्थिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में बलजीत जोशीला, ब्रांच मैनेजर, ईएसआईसी तथा उनके सहयोगी श्री राजू कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हुए । उनका स्वागत प्राचार्य डॉ. प्रदीप भण्डारी, सुपरिटेंडेंट कपिल देव शर्मा तथा नॉन-टीचिंग स्टाफ के सदस्यों द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में श्री बलजीत जोशीला ने कर्मचारियों को ईएसआईसी के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न लाभों एवं अधिकारों की विस्तृत जानकारी प्रदान की । उन्होंने बताया कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसके माध्यम से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं, बीमारी के दौरान नकद लाभ, मातृत्व लाभ, कार्यस्थल पर दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता, दिव्यांगता लाभ, आश्रित लाभ तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं प्रदान की जाती हैं । उन्होंने कर्मचारियों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया ।
प्रि. डॉ. प्रदीप भण्डारी ने ईएसआईसी टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम कर्मचारियों के ज्ञानवर्धन एवं उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का कल्याण एवं सुरक्षा संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
सैमीनार के दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने ईएसआईसी योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सेमिनार को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।

City Air News 

