विश्व जनसंख्या दिवस पर बीएमयू में जागरूकता रैली व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित
बढ़ती जनसंख्या मानवता के लिए गंभीर चेतावनीः कुलपति प्रो. एच.एल. वर्मा
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व जनसंख्या दिवस 2025 के अवसर पर स्थानीय बाबा मस्तनाथ विवि में एक जागरूकता रैली एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. एच.एल. वर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सहित प्राध्यापक तथा नर्सिंग विद्यार्थी मौजूद रहे।
रैली विवि परिसर से शुरू होकर मुख्य मार्ग से गुजरी और लोगों को बढ़ती जनसंख्या की समस्या के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने "जनसंख्या नियंत्रण विकास की राह", "छोटा परिवार–सुखी परिवार" एवं "जनसंख्या विस्फोट– मानवता पर संकट" जैसे नारों के साथ जागरूकता का संदेश दिया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता व सामाजिक चेतना का प्रदर्शन करते हुए जनसंख्या विस्फोट के कारणों, इसके दुष्परिणामों तथा समाधान के उपायों को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कुलपति प्रो. एच.एल. वर्मा ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि चेतावनी का दिन है। जनसंख्या का अनियंत्रित विस्तार हमारे विकास की गति को अवरुद्ध कर रहा है। भारत जैसे विकासशील देश के लिए यह चुनौती और अधिक गंभीर है। युवा वर्ग को इस दिशा में समाज को जागरूक करना होगा। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या हमारे समग्र विकास में सबसे बड़ी बाधा बन रही है और बेरोजगारी, शिक्षा की गुणवत्ता में गिरावट, स्वास्थ्य सेवाओं पर बोझ और पर्यावरण प्रदूषण जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
Girish Saini 


