विश्व टीबी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व तपेदिक रोग दिवस के अवसर पर पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों द्वारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एकता कॉलोनी में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एमएससी नर्सिंग प्रथम व द्वितीय वर्ष तथा पोस्ट बेसिक नर्सिंग द्वितीय वर्ष के छात्रों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए प्राचार्या प्रो सुनीता कुमारी के पर्यवेक्षण में तपेदिक (टीबी) के प्रति जागरूकता फैलाते हुए इसके लक्षण, रोकथाम एवं उपचार के बारे में जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम की शुरुआत नुक्कड़ नाटक से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने तपेदिक के प्रमुख लक्षण जैसे लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना एवं रात में पसीना आना को जीवंत एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने जागरूकता से जुड़े प्रेरणादायक स्लोगन प्रस्तुत किए। चार्ट प्रदर्शन के माध्यम से तपेदिक के कारण, संक्रमण के तरीके, निदान (स्पुटम जांच), पोषण तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं चित्रात्मक रूप में समझाई।

Girish Saini 

