अंतर्राष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। अंतर्राष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस के अवसर पर पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के शिशु रोग विभाग की ओपीडी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. अलका के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कैंसर से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों को प्रोत्साहित करने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और खेल सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया।

डॉ. अलका ने स्वागत संबोधन करते हुए बाल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसके इलाज में नवीनतम तकनीकों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बाल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को समय पर निदान और उचित इलाज से ठीक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाल कैंसर के इलाज में परिवार का सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान दें और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करें।

कार्यक्रम में कैंसर से ठीक हो चुके बच्चों को पुरस्कार और सम्मान पत्र भेंट किए गए। बच्चों ने इस बीमारी से लड़ाई लड़ने की अपनी कहानियां भी साझा की। इस दौरान लगाई गई एक प्रदर्शनी में बाल कैंसर के लक्षण, इलाज और बचाव के तरीके प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम में शिशु रोग विभाग के अन्य चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ ने भी भाग लिया। अंत में डॉ. अलका ने आभार व्यक्त किया।