डीएलएसए द्वारा भाली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डीएलएसए द्वारा भाली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में बुधवार को प्राधिकरण द्वारा गांव भाली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को बच्चों के अधिकारों तथा पॉक्सो (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पॉक्सो अधिनियम बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने के लिए बनाया गया एक महत्वपूर्ण कानून है। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे और बुरे स्पर्श (गुड टच एवं बैड टच) की पहचान करने, किसी भी प्रकार की अनुचित घटना होने पर बिना डर अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को तुरंत जानकारी देने तथा आवश्यक होने पर कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान प्राचार्य, शिक्षक, डीएलएसए के प्रतिनिधि तथा विद्यार्थी मौजूद रहे।