विश्व स्किज़ोफ्रेनिया दिवस पर आईएमएच में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व स्किज़ोफ्रेनिया दिवस के अवसर पर पं. बी. डी. शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान (आईएमएच) के तत्वावधान में मनोरोग ओपीडी स्थित विद्यासागर ब्लॉक में हेल्प डेस्क सह जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मरीजों, उनके तीमारदारों, परिजनों तथा आमजन में स्किज़ोफ्रेनिया के प्रति सही जानकारी, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं जागरूकता को बढ़ावा देना था। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न सूचनात्मक पुस्तिकाएँ वितरित की गईं।
जागरूकता पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाकर स्किज़ोफ्रेनिया से संबंधित सामान्य जानकारी, मरीजों एवं परिजनों के लिए क्या करें और क्या न करें, देखभालकर्ताओं की भूमिका, स्वस्थ जीवनशैली में आवश्यक बदलाव तथा स्किज़ोफ्रेनिया के प्रबंधन में योग की उपयोगिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया। रोग के लक्षणों की पहचान, उपचार के महत्व, दवा पालन, पुनर्वास तथा सामाजिक सहयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
उपस्थित मरीजों एवं उनके परिजनों को संस्थान में पीड़ित व्यक्तियों के लिए नियमित मनोरोग ओपीडी सेवाएँ, मनोसामाजिक परामर्श, पारिवारिक एवं सामाजिक पुनर्वास सहायता, समूह चिकित्सा, व्यवहार चिकित्सा, सामाजिक कौशल प्रशिक्षण, व्यावसायिक पुनर्वास तथा संज्ञानात्मक पुनर्वास जैसी उपलब्ध विभिन्न सेवाओं के बारे में भी बताया गया।

Girish Saini 

