बाल विवाह और दहेज के खिलाफ गांवों से शहरों तक चलेगा जागरूकता अभियानः डीसी सतबीर सिंह

21 दिसंबर तक बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, स्कूलों में शपथ, रैलियां और पोस्टर प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

बाल विवाह और दहेज के खिलाफ गांवों से शहरों तक चलेगा जागरूकता अभियानः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। बाल विवाह, घरेलू हिंसा और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगा। उपायुक्त सतबीर सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने और संबंधित कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

लघु सचिवालय में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, घरेलू हिंसा और दहेज निषेध अधिनियम के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक चल रहे अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों में शपथ ग्रहण, जागरूकता रैलियां और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें शिक्षा विभाग, बाल विवाह निषेध अधिकारियों और एमडीडी ऑफ इंडिया एनजीओ की भागीदारी रहेगी।

उपायुक्त ने 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर गांवों को बाल विवाह मुक्त बनाने के प्रस्ताव पारित करने के निर्देश दिए। 30 नवंबर से ग्राम पंचायतों और नगर निगम वार्डों में विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

उन्होंने धार्मिक स्थलों के प्रमुखों और विवाह संबंधी सेवाएं देने वालों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही एसडीएम को दहेज निषेध अधिकारी के रूप में मामलों में गंभीरता और संवेदनशीलता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी करमिन्दर कौर ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। बैठक में नगराधीश शुभम, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।