वित्तीय साक्षरता अभियान के तहत जागरूकता शिविर आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार गांव खरावड़ स्थित पीएनबी आरसेटी में वित्तीय साक्षरता अभियान के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि, एलडीएम महावीर प्रसाद ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लगातार बढ़ रही साइबर अपराधों की घटनाओं के चलते सभी नागरिकों को सतर्क और जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। जागरूकता ही साइबर फ्रॉड से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
संस्थान के निदेशक मंजीत सिंह ने आरसेटी द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। मिथिलेश ने सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। पिंकी देवी ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत प्रशिक्षणार्थियों को जागरूक किया और समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने की शपथ दिलाई। इस दौरान कार्यालय सहायक कोमल, रीना, डीएसटी रविता, आरती, अमित सहित लगभग 80 प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

