पॉश अधिनियम के प्रति जागरूकता आवश्यकः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल
पीजीआईएमएस में पॉश अधिनियम जागरूकता कार्यक्रम।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने पीजीआईएमएस में डीन स्टूडेंट वेलफेयर तथा इंटरनल कंप्लेंट कमेटी के सहयोग से आयोजित पॉश अधिनियम जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से महिला सशक्तिकरण के लिए ये कार्यक्रम अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि आज के मोबाइल युग में सभी को साइबर सुरक्षा की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्थान में महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कार्यक्रम चला कर विद्यार्थियों व कर्मचारियों को इस बारे में जागरूक किया जा रहा है।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने लैंगिक समानता पर कहा कि संविधान में सभी को समान अधिकार दिए गए हैं। अगर किसी भी विद्यार्थी, फैकल्टी या कर्मचारी को कोई भी समस्या हो तो वह अपनी समस्या विवि प्रशासन को बताए। संस्थान में किसी भी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाता है।
निदेशक डॉ. सुरेश सिंघल ने कहा कि बढ़ते साइबर क्राइम के दौर में हमें इसके प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्थान में महिलाओं को कार्यस्थल पर अच्छा वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। डीन छात्र कल्याण, डॉ. सविता सिंघल ने पॉश अधिनियम के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम हर कार्यस्थल पर लागू होता है। उन्होंने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से बचने और इस संबंध में चुनौतियों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि संस्थान में इंटरनल कंप्लेंट कमेटी का गठन किया गया है, जो कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई करती है।
डॉ. प्रीति सिंह ने संस्थान की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी के बारे में बताते हुए कहा कि इसमें सभी वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं और यह कमेटी निष्पक्ष रूप से काम करती है। उन्होंने कहा कि ये कमेटी विद्यार्थियों और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए बनाई गई है। डॉ. विनोद ने सभी को लैंगिक संवेदनशीलता के लिए संकल्प की शपथ दिलाई। डॉ. मधु शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
एसआई मुकेश व एसएचओ कुलदीप ने साइबर क्राइम के प्रकार व बचाव के उपाय साझा किए। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, डेंटल कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजय तिवारी, डॉ. अपर्णा परमार, डॉ. मधु, प्रो. सुनीता, डॉ मीनाक्षी, डॉ. विनोद, डॉ. शिखा तिवारी, डॉ रेखा, सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

