वार्ड की गैलरी में अब नहीं सो सकेंगे तीमारदार, एचओडी को खुद करनी होगी वार्ड की निगरानी
पीजीआईएमएस निदेशक किया वार्डों का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश।
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक के निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने शनिवार को अस्पताल के वार्डों का निरीक्षण किया। वार्ड नंबर-2 में गैलरी और दूसरी व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को सुधार के लिए कहा। साथ ही विभागाध्यक्षों को अपने वार्ड की नियमित निगरानी करने को कहा।
निदेशक डॉ. सिंघल ने कहा कि एचओडी खुद वार्ड का राउंड लें और जो भी कमी सामने आए, उसे तुरंत दूर कराया जाए। खासकर मरीजों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड की गैलरियों में तीमारदारों के सोने का मामला भी सामने आया। इसे रोकने के लिए सभी वार्डों के बाहर तीमारदारों के बैठने की अलग व्यवस्था करने को कहा गया है। गैलरी खाली रहने से मरीजों की आवाजाही और आपातकालीन स्थिति में आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। सफाई व्यवस्था पर भी नजर रखने को कहा गया।
अब हर वार्ड के बाहर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर का नाम और पद भी लिखा जाएगा, ताकि मरीजों को संबंधित चिकित्सक की जानकारी मिल सके।
वार्ड नंबर-2 में कमजोर हो रहे लेंटर की स्थिति देखकर डॉ. सिंघल ने पीडब्ल्यूडी के काम पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि फर्श और दीवारों पर काम हो गया, लेकिन लेंटर की मरम्मत लंबित है। इसे जल्द ठीक कराने को कहा गया।

Girish Saini 

