खेलेगा भारत, जीतेगा भारत के संदेश के साथ एमडीयू में दौड़े खिलाड़ी, शिक्षक और विद्यार्थी
रोहतक, गिरीश सैनी। खेलेगा भारत, जीतेगा भारत और फिट युवा, सशक्त राष्ट्र का संदेश देते हुए एमडीयू में शुक्रवार को रन फॉर फिटनेस, रन फॉर द नेशन दौड़ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के शुभारंभ पर आयोजित दौड़ को कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौड़ में विवि के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कुलसचिव प्रो. बंसल ने कहा कि नियमित व्यायाम और खेल स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की आधारशिला हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें सकारात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने अपने संदेश में कहा कि 28 से 30 अगस्त तक आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह विवि में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से रोजाना कम से कम एक घंटा खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए देने का आह्वान किया।
खेल निदेशक कुलताज सिंह ने स्वागत भाषण में राष्ट्रीय खेल दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने भी खेलों को स्वस्थ जीवनशैली का अहम हिस्सा बताया। इस दौरान प्रो. जितेंद्र कुमार, डॉ. प्रताप राठी, डॉ. तेजपाल, डॉ. संजीव, पीआरओ पंकज नैन, प्रो. महेश कुमार सहित शिक्षक, प्रशिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के तहत 29 अगस्त को सुबह सात बजे सरदार वल्लभ भाई पटेल क्रिकेट स्टेडियम में एमडीयू इंप्लाइज क्रिकेट टीम और यूएचएसआर, रोहतक की इंप्लाइज टीम के बीच क्रिकेट मैच होगा। इसके अलावा कबड्डी, बैडमिंटन और योग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

Girish Saini 

