अटल जी के विचार आज भी लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण की आधारशिलाः गुलशन भाटिया
भाजपा कार्यालय में अटल स्मृति प्रदर्शनी आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र सेवा को समर्पित अटल स्मृति प्रदर्शनी का आयोजन मंगलवार को रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय मंगल कमल में किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश कार्यालय सचिव गुलशन भाटिया ने किया।
उपस्थित जन को संबोधित करते हुए प्रदेश कार्यालय सचिव गुलशन भाटिया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति में शुचिता, मर्यादा और संवाद के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है और आज के राजनीतिक परिवेश में उनके विचार और भी प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अटल केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के नेता थे। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूती देने, विपक्ष का सम्मान करने और राजनीति में मूल्यों की स्थापना का कार्य किया। उनके जीवन पर आयोजित ये प्रदर्शनी युवा पीढ़ी और कार्यकर्ताओं को भाजपा की वैचारिक परंपरा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
इस दौरान भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला प्रभारी सतेंद्र परमार, प्रदेश मीडिया प्रभारी शमशेर सिंह खरक, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका, जिला महामंत्री नितिन जैन सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस प्रदर्शनी में अटल जी के विचारों, भाषणों और ऐतिहासिक निर्णयों को चित्रों व दस्तावेजों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को अटल जी के आदर्शों पर चलने, राष्ट्र सेवा के संकल्प को मजबूत करने तथा भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देना रहा।
Girish Saini 

