कन्या छात्रावास में विशेषज्ञों ने छात्राओं को दिए तनाव प्रबंधन व बेहतर अध्ययन के टिप्स

कन्या छात्रावास में विशेषज्ञों ने छात्राओं को दिए तनाव प्रबंधन व बेहतर अध्ययन के टिप्स

रोहतक, गिरीश सैनी। छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हुए उनके पढ़ाई में प्रदर्शन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एमडीयू के अभिलाषा गर्ल्स हॉस्टल कॉम्प्लेक्स के सभी छात्रावासों में मानसिक एवं शैक्षणिक कल्याण विषय पर एक व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मनोविज्ञान विभाग के प्राध्यापकों ने अलग-अलग छात्रावासों में जाकर छात्राओं से सीधा संवाद किया। प्रो. शालिनी सिंह ने मेघना व यमुना, प्रो. अंजलि मलिक ने साबरमती व नर्मदा, प्रो. दीप्ति हुड्डा ने भागीरथी व कृष्णा, प्रो. सर्वदीप कोहली ने सरस्वती व गोदावरी तथा डॉ. शशि रश्मि ने गंगा व कावेरी छात्रावास में व्याख्यान दिए। विशेषज्ञों ने छात्राओं को परीक्षा के दबाव से निपटने, मानसिक तनाव कम करने, सकारात्मक सोच विकसित करने, समय का सही प्रबंधन करने और पढ़ाई के प्रभावी तरीकों पर व्यवहारिक मार्गदर्शन दिया। संवादात्मक सत्र में छात्राओं ने खुलकर सवाल पूछे और अपनी समस्याएं साझा कीं।

चीफ वार्डन प्रो. सपना गर्ग व डिप्टी चीफ वार्डन प्रो. प्रतिमा रंगा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी माहौल में मानसिक स्वास्थ्य उतना ही जरूरी है जितना शैक्षणिक ज्ञान। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को संतुलित व सफल जीवन की दिशा देते हैं। इस दौरान हॉस्टल वार्डन संतोष हुड्डा, राजबाला सांगवान, डॉ. सुनीता मल्हान, डॉ. नेहा खुराना, डॉ. बबीता खोसला व डॉ. प्रियंका यादव सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।