एशियन चैंपियन आशिमा का रोहतक पहुंचने पर भव्य स्वागत
सीएम के ओएसडी ने एक लाख एक हजार एक सौ ग्यारह के चेक से किया सम्मानित।
रोहतक, गिरीश सैनी। कजाकिस्तान से एशियन चैंपियनशिप जीतकर लौटी आशिमा अहलावत का शुक्रवार को रोहतक पहुंचने पर खेल प्रेमियों, समाजसेवियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भव्य स्वागत किया। अनेक खाप प्रधानों ने आशिमा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी गजेंद्र फोगाट ने आशिमा अहलावत को सम्मान स्वरूप 1,01,111 (एक लाख एक हज़ार एक सौ ग्यारह रुपये) का चेक भेंट किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां खेलों में निरंतर नया इतिहास रच रही हैं। उन्होंने आशिमा को प्रदेश की युवतियों के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि प्रदेश की नायब सरकार ने हजारों खेल नर्सरियों की स्थापना करके कीर्तिमान स्थापित किया है। इस दौरान आशिमा की माता सुमित्रा अहलावत ने बताया कि आशिमा इससे पहले विश्व जूनियर चैंपियनशिप में स्वर्ण, वर्ल्ड यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में कांस्य, कतर विश्व शॉटगन में रजत के अलावा अनेकों अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुकी है।
आशिमा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह निरंतर मेहनत कर देश-प्रदेश के लिए और भी पदक जीतेंगी।
Girish Saini 


