महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य में आशा कार्यकर्ताओं की अहम भूमिकाः सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान
राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव, सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान की अध्यक्षता में स्थानीय एडीआर सेंटर में राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस के उपलक्ष में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शहरी क्षेत्र में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं के लिए प्राधिकरण द्वारा एक विशेष कार्यशाला भी आयोजित की गई।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने कार्यशाला में उपस्थित आशा कार्यकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ता समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं व बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए आशा कार्यकर्ताओं द्वारा सराहनीय प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि एक मां ही बच्चे के भविष्य की नींव रखती है और इस दिशा में आशा कार्यकर्ताओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में सहायक हैं और उनके कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।

Girish Saini 

