कन्या गुरुकुल में आर्य समाज स्थापना दिवस मनाया

कन्या गुरुकुल में आर्य समाज स्थापना दिवस मनाया

खानपुर कलां, गिरीश सैनी। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के कन्या गुरुकुल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को आर्य समाज स्थापना दिवस मनाया गया। महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आर्य समाज से प्रेरित होकर ही महान शिक्षाविद् भगत फूल सिंह ने नारी शिक्षा व उत्थान के लिए वर्ष 1936 में कन्या गुरुकुल की स्थापना की थी, जो आज भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय रूपी वटवृक्ष बन गया है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक शैक्षणिक संस्था के मूल में आर्य समाज के वैदिक संस्कार व विचारधारा है। 

इस दौरान छात्राओं द्वारा स्वामी दयानन्द सरस्वती के जीवन पर आधारित एक लघु नाटिका का मंचन किया गया। प्राचार्या सुमिता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी दयानन्द ने सन् 1875 में चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को मुंबई में आर्य समाज की स्थापना की थी। आर्य समाज का उद्देश्य वैदिक परंपरा को पुनर्स्थापित करना है। आर्य समाज ने न सिर्फ सामाजिक कुरीतियों जैसे सती प्रथा, बाल-विवाह, जातिगत छुआछूत, नारी-अशिक्षा आदि को दूर किया, अपितु स्वतंत्रता संग्राम में भी अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने छात्राओं को जीवन में आर्य समाज के नियमों व वैदिक परंपरा का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान शिक्षक व छात्राएं मौजूद रहे।