टैगोर सभागार में चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के दृश्य कला विभाग द्वारा टैगोर सभागार में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए कहा कि कला समाज और संस्कृति का जीवंत प्रतिबिंब होती है और ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को नई दिशा देते हैं। डॉ. कृष्णकांत ने कहा कि आज के दौर में रचनात्मकता और नवाचार सफलता के अहम स्तंभ हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपनी कला के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक संदेश दें और अपनी मौलिक सोच को विकसित करें।
इस कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ऑयल पेंटिंग, एक्रिलिक पेंटिंग और वुडकट प्रिंट्स विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का संयोजन विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार ने किया। इस दौरान डॉ. अंजलि दुहन, डॉ. राजेश चौहान और परवीन कुमार सहित शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान 10 विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को कला सामग्री प्रदान की गई।

Girish Saini 

