धान-बाजरा खरीद से पहले मंडियों में पुख्ता हों इंतजामः डीसी सतबीर सिंह

एक अक्टूबर से शुरू होगी खरीफ फसलों की सरकारी खरीद, पानी-बिजली से लेकर बायोमेट्रिक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश।

धान-बाजरा खरीद से पहले मंडियों में पुख्ता हों इंतजामः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। खरीफ फसलों की सरकारी खरीद से पहले उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिले की सभी मंडियों में जरूरी सुविधाएं और व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। सरकार के निर्देशानुसार एक अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक धान, बाजरा समेत खरीफ फसलों की खरीद होगी।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए खरीद सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उपायुक्त ने लघु सचिवालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर मंडियों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को मंडियों में सड़क, पेयजल, बिजली, शौचालय, सफाई, डिजिटल धर्मकांटे और नमी मापक यंत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एसडीएम को अपने क्षेत्रों की मंडियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण में सामने आ रहे मिसमैच विवरण का सत्यापन जल्द कराने के निर्देश दिए। पोर्टल 27 सितंबर तक खुला है और मंडियों में फसल बिक्री के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। बायोमेट्रिक खरीद व्यवस्था के तहत मंडियों में पर्याप्त मशीनें और बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने को भी कहा गया। इस दौरान कृषि उप-निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा, हैफेड के जिला प्रबंधक कृष्ण कुमार, हरियाणा राज्य वेयर हाउस के जिला प्रबंधक रोहताश दहिया, रोहतक मार्किट कमेटी के सचिव दीपक लोहचब, महम मार्किट कमेटी के सचिव दीपक कुमार, सांपला मार्किट कमेटी की सचिव सविता सैनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।