‘व्हाइट कोट से आगे’ थीम के साथ आर्म्सकॉन-2026 का आगाज, 900 से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण

‘व्हाइट कोट से आगे’ थीम के साथ आर्म्सकॉन-2026 का आगाज, 900 से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण

रोहतक, गिरीश सैनी । पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएस), रोहतक में 12वें वार्षिक रोहतक मेडिकल स्टूडेंट्स कॉन्फ्रेंस ‘आर्म्सकॉन-2026’ का भव्य शुभारंभ कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तीन दिवसीय सम्मेलन की थीम ‘बियॉन्ड योर व्हाइट कोट’ रखी गई है। इस दौरान सोवेनियर का विमोचन भी किया गया।

कुलपति ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि डॉक्टर केवल बीमारी का नहीं, बल्कि इंसान का इलाज करने वाला होना चाहिए। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में एआई, नई तकनीक और रिसर्च अपनाने के साथ मानवीय संवेदनाएं बनाए रखने पर जोर दिया।

डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर एवं आयोजन अध्यक्ष डॉ. सविता रानी सिंघल ने बताया कि सम्मेलन को हरियाणा मेडिकल काउंसिल से 10 क्रेडिट आवर्स मिले हैं और विभिन्न कॉलेजों के 900 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। सम्मेलन में मेडिकल, डेंटल, फार्मेसी, फिजियोथेरेपी और नर्सिंग की विशेष हैंड्स ऑन वर्कशॉप आयोजित की जा रही हैं।

इसी कड़ी में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग ने करीब 50 एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए विशेष वर्कशॉप आयोजित की। चार समूहों और चार स्टेशनों में बांटकर विद्यार्थियों को मॉडल, पीपीटी और मॉक ड्रिल के माध्यम से प्रसव, स्त्री रोगों और आपातकालीन परिस्थितियों की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई। डॉ. पुष्पा दहिया और डॉ. वाणी मल्होत्रा सहित विभागीय चिकित्सकों ने प्रशिक्षण दिया।