77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव में लगाए गए लगभग 14 हजार पौधे
सीएम नायब सिंह सैनी ने वर्चुअली उपस्थित जन को दिलाई पौधारोपण की शपथ।
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने वन महोत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्थानीय जलेबी चौक पर पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम के मानेसर में आयोजित वन महोत्सव के कार्यक्रम से सीधे जुड़कर उपस्थित जन को पौधारोपण तथा इनकी देखरेख करने की शपथ दिलवाई। एलईडी के माध्यम से मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण किया गया।
जिला प्रशासन, वन विभाग द्वारा एनएचएआई के सहयोग से आयोजित 77वें वन महोत्सव कार्यक्रम में व्यापक स्तर पर नागरिकों की सहभागिता से पौधारोपण किया गया। वन महोत्सव के अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत लगभग 14 हजार पौधे लगाये गए। अब तक इस चौक पर लगभग 50 हजार पौधे लगाये जा चुके है तथा कुल 70 हजार पौधे लगाकर मीयावाकी वन विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने अपने संबोधन में नागरिकों व कार्यकर्ताओं से कहा कि हरियाणा को स्वस्थ एवं हरा-भरा बनाने के लिए पौधों का संरक्षण करें तथा ज्यादा से ज्यादा संख्या में पौधारोपण कर इनकी देखरेख करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में वन महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत गत 30 जुलाई को भी पौधारोपण किया गया। इसी कड़ी में 7 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित किये गए तथा 14 व 21 अगस्त को भी वन महोत्सव के तहत प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित कर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जायेगा।
उन्होंने नागरिकों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पौधों से बनने वाली सामग्री जैसे कागज, टिशू पेपर, शादी के कार्ड, गत्ते के डिब्बे का कम से कम प्रयोग करें तथा इनके विकल्पों पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि कागज के स्थान पर मोबाइल फोन का प्रयोग करें तथा ज्यादातर कार्य डिजिटल रूप से करें। टिशू पेपर का भी कम प्रयोग करें। शादी के कार्ड के स्थान पर ई-कार्ड का प्रयोग करें तथा गत्ते के डिब्बों के स्थान पर कपड़े की पोटली या थैला का प्रयोग करें।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित किये जा रहे एक पेड़ माँ के नाम अभियान का बहुत गहरा अर्थ है। जिस तरह एक माँ अपने बच्चों का संरक्षण करती है, उसी तरह धरती माँ भी पेड़ों की देखभाल करती है।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा शुरू किये गए एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करें तथा इन पौधों की अपने बच्चों की तरह देखभाल भी करें। नागरिक देश के प्रधानमंत्री के खादी अपनाओ के मंत्र को आत्मसात करते हुए खादी अपनाएं ताकि खादी से जुड़े श्रमिकों के जीवन में समृद्धि आये।
वन विभाग की वन संरक्षक रंजिथा तथा मंडल वन संरक्षक सुंदर लाल सांभरिया ने अतिथियों को शॉल, पुष्पगुच्छ व पौधे भेंट कर सम्मानित किया। भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों ने भी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता को सम्मानित किया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, वन राज्यिक अधिकारी सुभाष चंद्र व राकेश गुलिया आदि मौजूद रहे।
Girish Saini 

