राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए 28 अगस्त तक करें आवेदनः डीसी सतबीर सिंह

उत्कृष्ट जल संरक्षण कार्यों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए 28 अगस्त तक करें आवेदनः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग ने 7वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। जल संरक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले संगठन, संस्थाएं, जिला प्रशासन, शहरी स्थानीय निकाय, उद्योग और अन्य पात्र इकाइयां आवेदन कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 28 अगस्त 2026 है। पात्र इकाइयां पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल और जल शक्ति मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकती हैं।

उपायुक्त ने बताया कि पुरस्कार के तहत विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें सर्वश्रेष्ठ राज्य, सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, जल क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ परियोजना और जल क्षेत्र में सीएसआर पहल के लिए सर्वश्रेष्ठ उद्योग प्रमुख हैं। सर्वश्रेष्ठ जिला श्रेणी में जल संसाधन प्रबंधन, जल संचय-जनभागीदारी और जल जीवन मिशन जैसी उप-श्रेणियां भी शामिल हैं।

उन्होंने पात्र इकाइयों से अपील की कि वे अपने उल्लेखनीय कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और निर्धारित दिशा-निर्देशों व आवश्यक दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखें।