प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन आमंत्रितः डीसी सचिन गुप्ता

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन आमंत्रितः डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा वर्ष 2026 के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ये पुरस्कार 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के उन प्रतिभाशाली बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने वीरता, समाज सेवा, खेल, कला एवं संस्कृति, पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित एक या अधिक क्षेत्रों में असाधारण एवं प्रेरणादायक उपलब्धियां हासिल की हों।

उपायुक्त ने बताया कि पात्र बच्चे स्वयं अथवा संबंधित संस्थान उनकी ओर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए निर्धारित पोर्टल awards.gov.in पर पंजीकरण कर संबंधित दस्तावेज अपलोड किए जा सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के पश्चात किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि जिला के ऐसे बच्चे जिन्होंने किसी भी क्षेत्र में अपनी विशिष्ट प्रतिभा, नवाचार, साहस या उत्कृष्ट प्रदर्शन से पहचान बनाई है, वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि से पूर्व आवेदन करें। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों तथा सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे योग्य बच्चों को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए आवेदन करने हेतु प्रोत्साहित करें।