पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन 31 जुलाई तकः डीसी सचिन गुप्ता

पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन 31 जुलाई तकः डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने बताया कि भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए 31 जुलाई 2026 तक नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने जिला के पात्र बच्चों, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों तथा संबंधित संस्थाओं से अपील की है कि वे समय रहते योग्य बच्चों के नामांकन अवश्य करवाएं।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के तहत बहादुरी, खेलकूद, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। पात्रता के लिए बच्चे की आयु 31 जुलाई 2026 को 5 वर्ष से 18 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित बच्चों को जनवरी 2027 में आयोजित समारोह में भारत के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा, जबकि पुरस्कारों की घोषणा 26 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष विभिन्न श्रेणियों में कुल 25 बच्चों का चयन किया जाएगा। चयनित बच्चों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद सर्वप्रथम स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा उनकी जांच एवं छंटनी की जाएगी। इसके उपरांत राष्ट्रीय चयन समिति अंतिम चयन करेगी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, जिला कलेक्टर/जिला मजिस्ट्रेट, पंचायती राज संस्थाएं, सभी केंद्रीय एवं राज्य स्कूल बोर्ड सहित अन्य पात्र संस्थाएं नामांकन कर सकती हैं। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी awards.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध है।