मतदाता सूची जांचने का फिर मिला मौका, 30 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्तिः उपायुक्त
रोहतक, गिरीश सैनी। भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के कार्यक्रम में एक बार फिर संशोधन करते हुए मतदाताओं को अतिरिक्त समय दिया है। अब मतदाता सूची में नाम और विवरण की जांच कर 30 सितंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दाखिल कर सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा 28 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इसी अवधि में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जारी किए गए नोटिस का भी निपटान होगा।
उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे इस अतिरिक्त अवसर का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है या नाम, पता, आयु सहित किसी अन्य विवरण में त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि में दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।
उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। उपायुक्त ने पात्र नागरिकों से पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी कर निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और मजबूत बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।

Girish Saini 

