मथुरा के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ दिनेश पाठक शशि के नाम एक और बड़े अखिल भारतीय पुरस्कार की हुई घोषणा

मथुरा के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ दिनेश पाठक शशि के नाम एक और बड़े अखिल भारतीय पुरस्कार की हुई घोषणा
डॉ दिनेश पाठक शशि ।

 मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी भोपाल ने अपने वर्ष 2020 के साहित्य पुरस्कारों की घोषणा की जिनमें अखिल भारतीय गजानन माधव मुक्ति बोध पुरस्कार (राशि - एक लाख रुपये) हेतु मथुरा के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ दिनेश पाठक शशि  के नाम की घोषणा की गई है। 

ज्ञातव्य है कि अभी 2 अगस्त 2022 को  भी डॉ दिनेश पाठक शशि के समग्र बाल साहित्य लेखन पर उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान लखनऊ ने अपने सर्वोच्च बाल साहित्य पुरस्कार -अखिल भारतीय "बाल साहित्य भारती पुरस्कार" (राशि ढाई लाख रुपये) की घोषणा की थी।

डॉ दिनेश पाठक शशि की वर्ष 2022 में 15 पुस्तकों के प्रकाशन के साथ ही कुल प्रकाशित पुस्तकों की संख्या 52 हो गई है।

मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी भोपाल द्वारा डॉ दिनेश पाठक शशि की जिस पुस्तक पर अखिल भारतीय गजानन माधव मुक्ति बोध पुरस्कार की घोषणा की है वह उनका "निरीह" नामक कहानी संग्रह है जिसका प्रकाशन  जवाहर प्रकाशन, सदर मथुरा द्वारा किया गया था।

इस वर्ष प्रकाशित डॉ दिनेश पाठक शशि की चार पुस्तकों का मथुरा वृन्दावन की सांसद और प्रख्यात सिने तारिका श्रीमती हेमामालिनी जी के द्वारा लोकार्पण भी किया गया था।

इसके साथ ही डॉ दिनेश पाठक शशि की एक बाल कहानी पर शार्ट फिल्म का निर्माण हुआ है और तीन बाल कहानियाँ कक्षा एक, दो और छह के हिन्दी पाठ्यक्रम में पढ़ाई जा रही हैं।

ये गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की सलाहकार समिति के चयनित सदस्य भी हैं।

गत 47 वर्ष से हिन्दी साहित्य की विविध विधाओ में लिखी गई आपकी रचनाएं देश- विदेश की अनेक पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित तथा आकाशवाणी व दूरदर्शन से प्रसारित हो चुकी हैं। 

इनके साहित्य पर आगरा विश्व विद्यालय से 2009 में शोध हो चुका है साथ ही वर्तमान में अभी दो शोध हो रहे हैं।

डॉ दिनेश पाठक शशि की कई पुस्तकों का तथा अनेक रचनाओं का नौ भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। इससे पूर्व इनको दो बार भारत सरकार के, एक बार उत्तर प्रदेश सरकार के सहित तीन दर्जन से अधिक साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जा चुका है।डॉ दिनेश पाठक शशि जुलाई 2017 में रेलवे के मथुरा जंक्शन से सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।

आप पं हरप्रसाद पाठक स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार समिति मथुरा के सचिव एवं तुलसी साहित्य संस्कृति अकादमी मथुरा के संरक्षक भी हैं।