पीजीआईएमएस में नॉर्थ-वेस्ट चैप्टर ऑफ इंडियन एसोसिएशन ऑफ पैथोलॉजिस्ट्स एंड माइक्रोबायोलॉजिस्ट्स का वार्षिक सम्मेलन 5 अप्रैल को
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के पीजीआईएमएस में नॉर्थ-वेस्ट चैप्टर ऑफ इंडियन एसोसिएशन ऑफ पैथोलॉजिस्ट्स एंड माइक्रोबायोलॉजिस्ट्स का वार्षिक सम्मेलन 5 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। इस शैक्षणिक कार्यक्रम का मुख्य विषय -पैथोलॉजी में वर्तमान दृष्टिकोण है। इस सम्मेलन का उद्देश्य पैथोलॉजी के क्षेत्र में नवीनतम शोध, तकनीकी प्रगति और चिकित्सा पद्धतियों पर चर्चा करना है, जिसमें देशभर के पैथोलॉजिस्ट, चिकित्सक, शोधकर्ता और स्नातकोत्तर छात्र भाग लेंगे। विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विषयों पर व्याख्यान और सत्र आयोजित किए जाएंगे।
सम्मेलन के मुख्य संरक्षक कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल हैं। वहीं, संरक्षक मंडल में निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल, कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ, डीन डॉ. अशोक कुमार चौहान और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल शामिल हैं। सुश्रुत ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल करेंगे।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. सुनीता सिंह ने कहा कि ये वार्षिक सम्मेलन पैथोलॉजी के क्षेत्र में नवीनतम वैज्ञानिक उपलब्धियों और उभरती तकनीकों को साझा करने का एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है। आयोजन सचिव डॉ. संजय कुमार ने बताया कि इस सम्मेलन में वैज्ञानिक सत्रों, मौखिक एवं पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों को नवीनतम शोध और व्यावहारिक अनुभवों से अवगत होने का अवसर मिलेगा।

Girish Saini 

