मदीना-मोखरा में आंगन मिलन सेवा का आगाज, 350 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मदीना और मोखरा में जिला स्तरीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिलेभर से करीब 350 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल कल्याण, पोषण, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर संवाद किया गया।
वक्ताओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और महिलाओं-बच्चों से जुड़ी सरकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने की अहम कड़ी बताया।
कार्यक्रम में छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई। माताओं को संतुलित पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, टीकाकरण और बच्चों की नियमित देखभाल की जानकारी दी गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी ने कहा कि पात्र महिलाओं और बच्चों तक विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। इस दौरान पौधारोपण भी किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Girish Saini 

