ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी सर्कल स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब जीजेयू (पुरुष) टीम के नाम
समापन समारोह में एशिया कबड्डी फेडरेशन के अध्यक्ष गुलाब सिंह सैनी होंगे मुख्यातिथि।
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के महाराणा प्रताप स्टेडियम में जारी ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी सर्कल स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) के पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि, दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने शिरकत की। अध्यक्षता गुजवि के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने की।
मुख्यातिथि, डा. अमित आर्य ने इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अच्छी खेल भावना का परिचय दिया। साथ ही, अनुशासन, धैर्य व लग्न का समावेश भी देखने को मिला। उन्होने कहा कि वर्तमान में खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और खिलाड़ी अपनी रुचि के हिसाब से खेल का चुनाव कर उसमें अपना भविष्य बना सकते हैं।
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि खेलों से शारीरिक के साथ-साथ मानसिक विकास भी होता है। निरंतर खेलने से खिलाड़ियों में आत्म विश्वास भी पैदा होता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अनवरत प्रयास रखने चाहिए।
प्रतियोगिता के चौथे दिन महिला वर्ग के प्रथम सत्र का शुभारंभ नेशनल एवं सर्कल कबड्डी गोल्ड मेडलिस्ट डा. दर्शना दहिया ने किया। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
वहीं, जीजेयू की पुरुषों की कबड्डी टीम ने फाइनल में एमडीयू, रोहतक की टीम को 37-31 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया और स्वर्ण पदक जीता। जीजेयू पुरुष कबड्डी टीम ने प्वाइंट टेबल में 6 अंक प्राप्त किए और प्रतियोगिता के दौरान एक भी अंक नहीं गंवाया। सीआरएसयू, जींद व सीडीएलयू, सिरसा की टीम ने समान प्वाइंट टेबल 2-2 के साथ प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में सीसीएस विवि, मेरठ की टीम ने भगवंत विवि, अजमेर की टीम को कड़े मुकाबले में 26-22 से हराया। एलएनआईपी, ग्वालियर की टीम ने बनस्थली विद्यापीठ, राजस्थान को एकतरफा मुकाबले में 30-9 से मात दी। जीजेयू की कबड्डी टीम ने गोड़वाना विवि, गढ़चिरोली (महाराष्ट्र) की टीम को 7 अंको से पछाड़ा। पीयू, पटियाला ने आईजीयू, मीरपुर को 18 अंकों से, मारवाड़ी विवि, राजकोट (गुजरात) ने सीसीएस विवि, मेरठ को 20 अंकों से, एलएनआईपीई, ग्वालियर ने राजा प्रताप विवि, अलीगढ़ को 11 अंकों से, मारवाड़ी विवि, राजकोट (गुजरात) ने पीयू, पटियाला को 13 अंकों से और पीयू, चंडीगढ़ ने सिंघानिया विवि, झुंझनू को 16 अंकों से परास्त किया। इस दौरान डीन ऑफ स्पोर्ट्स प्रो. आशीष अग्रवाल, खेल निदेशक डा. शशि भूषण लूथरा, सहायक खेल निदेशक मृणालिनी नेहरा सहित अन्य गणमान्य जन, विद्यार्थी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।।

Girish Saini 

