भारत नेट के तहत सभी ग्राम पंचायतों को जोड़ा जा रहा ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी सेः उपायुक्त

अब तक 54 गांवों में 568 हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन।

भारत नेट के तहत सभी ग्राम पंचायतों को जोड़ा जा रहा ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी सेः उपायुक्त

रोहतक, गिरीश सैनी। भारतनेट परियोजना के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों को चरणबद्ध तरीके से ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है। अब तक 54 गांवों में 568 कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। प्रत्येक गांव में 10-10 कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में भारतनेट परियोजना की समीक्षा करते हुए बीएसएनएल अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। इससे पहले मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य ब्रॉडबैंड कमेटी की बैठक में परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।

 

डीसी ने कहा कि भारतनेट देश की प्रमुख ग्रामीण दूरसंचार परियोजनाओं में शामिल है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में ई-हेल्थ, ई-एजुकेशन और ई-गवर्नेंस जैसी सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। सरकारी संस्थानों को मुफ्त ब्रॉडबैंड कनेक्शन दिए जा रहे हैं।

एडीसी नरेंद्र कुमार ने संबंधित विभागों को पाइपलाइन और फाइबर केबल जैसी जनसुविधाओं की पोर्टल पर मैपिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि खुदाई के दौरान सेवाएं बाधित न हों।

बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक अमित मलिक ने बताया कि निजी दूरसंचार कंपनियां भी बीएनयू मॉडल के तहत जुड़ सकती हैं। व्यक्तिगत उपभोक्ताओं के लिए 450 से 1,500 रुपये तक के ब्रॉडबैंड प्लान उपलब्ध हैं। बैठक में प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे।