सोनीपत की अक्षिता ने अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स, फरीदाबाद की अद्विका ने अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स का खिताब जीता

वेदांत व अनन्या नेगी की जोड़ी बनी अंडर-17 मिक्स्ड डबल्स की विजेता।

सोनीपत की अक्षिता ने अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स, फरीदाबाद की अद्विका ने अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स का खिताब जीता

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित योनेक्स सनराइज एलपीएस बोसार्ड 58वीं हरियाणा राज्य सब-जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि, हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रधान देवेंद्र सिंह (रिटायर्ड आईएएस) ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि, देवेंद्र सिंह (रिटायर्ड आईएएस) ने अपने संबोधन में कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी खेल में हार-जीत से ज्यादा अहम है खेलों में हिस्सा लेना।

उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने समापन समारोह को बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित करते हुए खिलाड़ियों से खेलों में बिना किसी दबाव के अपना सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।

एचबीए के महासचिव अजय सिंघानिया ने एचबीए द्वारा खिलाड़ियों के लिए शुरू किए गए विभिन्न पुरस्कारों और सुविधाओं की जानकारी दी।

समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए मेजबान डीबीए के जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के रोमांचक मुकाबलों में प्रदेश भर से लगभग 500 खिलाड़ियों ने अपना दम-खम दिखाया। अंतिम दिन विभिन्न श्रेणियों के फाइनल मैचों में खिलाड़ियों ने जोश दिखाते हुए कड़ा मुकाबला किया। 

सभी विजेता और रनर अप खिलाडियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अंत में जिलाध्यक्ष ने आभार व्यक्त किया। सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

इस दौरान एसोसिएशन के सचिव उमेद शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र मलिक, टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर रितेश दलाल, हरिओम चंदेल, नीरज मलिक, गिरीश सैनी, गुलशन बजाज, ऋषिराज सहित खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

फाइनल नतीजों की जानकारी देते हुए यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि अंडर-15 मिक्स्ड डबल्स में फरीदाबाद के कुशाग्र गांधी व आद्या शर्मा की जोड़ी ने गुरुग्राम के सवीर व नव्या की जोड़ी को हराया।

अंडर-17 मिक्स्ड डबल्स में वेदांत पाहवा (रोहतक) व अनन्या नेगी (फरीदाबाद) की जोड़ी ने रोहतक के सुजल व अर्षिता सैनी की जोड़ी को पछाड़ा।

अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स में फरीदाबाद की अद्विका सिंह ने फरीदाबाद की आद्या शर्मा को परास्त किया।

अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स में सोनीपत की अक्षिता ने गुरुग्राम की अद्विका वर्मा को हराया।

अंडर-15 बॉयज सिंगल्स में गुरुग्राम के आर्यन ने रोहतक के जयवर्धन को हराया।

अंडर-17 बॉयज सिंगल्स में रोहतक के वेदांत पाहवा ने पानीपत के ईशान नांदल को पराजित किया।

अंडर-15 गर्ल्स डबल्स में फरीदाबाद की अद्विका सिंह व वैभवी शेखर की जोड़ी ने ज्योति (हिसार) व परी (कुरुक्षेत्र) की जोड़ी को पछाड़ा।

अंडर-17 गर्ल्स डबल्स में अक्षिता (सोनीपत) व जोयल राणा (झज्जर) की जोड़ी ने हिसार की आराध्या जाखड़ व दित्या की जोड़ी को परास्त किया।

अंडर-15 बॉयज डबल्स में जतिन कुमार (रोहतक) व समर्थ भारद्वाज (हिसार) की जोड़ी ने आर्यन (गुरुग्राम) और जयेश दुग्गल (पंचकूला) की जोड़ी को हराया।

अंडर-17 बॉयज डबल्स में हर्षित (कुरुक्षेत्र) व पार्थ गावरी (फरीदाबाद) की जोड़ी ने रोहतक के जयवर्धन व सुजल की जोड़ी को हराया।