कुलपति आवास पर श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ श्री अखंड पाठ साहिब
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति आवास पर आयोजित श्री अखंड पाठ साहिब का शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच भोग डाला गया। इस दौरान गुरुवाणी के मधुर कीर्तन से पूरा विवि परिसर भक्तिमय हो उठा। विवि परिवार, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, एलुमनाई, शहर के प्रबुद्धजन एवं श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर सुख-शांति और सद्भाव की कामना की।
इस दौरान कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि श्री अखंड पाठ साहिब जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। भारतीय पुनर्वास परिषद की पूर्व अध्यक्षा डॉ. शरणजीत कौर ने कहा कि गुरुवाणी मानवता, सेवा और करुणा का मार्ग दिखाती है।
इस दौरान जिला उपायुक्त सचिन गुप्ता, पं. बीडीएस स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति प्रो.एचके अग्रवाल, निदेशक डॉ. कुंदन मित्तल, सुपवा कुलपति डॉ. अमित आर्य, वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ. सीताराम व्यास, आरआरएस प्रांत प्रचारक सुरेन्द्र पाल, रविंद्र सक्सेना सहित अन्य प्रबुद्धजन मौजूद रहे। अरदास उपरांत गुरु का अटूट लंगर वरताया गया।

Girish Saini 

