एआई-रोबोटिक्स से बदलेगी प्रिंटिंग की तस्वीर

जीजेयू में एआई एवं रोबोटिक्स-प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न

एआई-रोबोटिक्स से बदलेगी प्रिंटिंग की तस्वीर

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में एआई एवं रोबोटिक्स—प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग विषय पर आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न हुआ। प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी विभाग और ऑफसेट प्रिंटर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में हुए सम्मेलन में भारत सहित कनाडा, ग्रीस और थाईलैंड के विशेषज्ञों ने नवीन तकनीकों और उनके व्यावहारिक उपयोग पर विचार साझा किए।

समापन समारोह के मुख्यातिथि डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. योगेश चाबा ने कहा कि ऐसे आयोजन उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सहयोग मजबूत करने के साथ तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग की जरूरतों में बेहतर तालमेल स्थापित करते हैं।

कनाडा के इरविन ड्राइवर ने प्रिंटिंग क्षेत्र में रोबोटिक्स और एआई की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामग्री के आवागमन और दोहराए जाने वाले कार्यों के स्वचालन को उपयोगी बताया। थाईलैंड के प्रो. अरन हंसुएबसाई ने एआई-रोबोटिक्स से उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और सटीकता बढ़ाने की संभावनाएं बताईं।

ग्रीस के प्रो. अनास्तासियोस ई. पोलिटिस और एलेक्जेंड्रा वर्गोपोलू ने आधुनिक अनुप्रयोगों की जानकारी दी। अंतिम दिन पैनल चर्चा और प्रश्नोत्तर सत्र हुआ तथा सम्मेलन प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।