एआई-रोबोटिक्स से बदलेगा प्रिंटिंग-पैकेजिंग उद्योग का चेहरा
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में एआई एवं रोबोटिक्स-प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग विषय पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का वीरवार को शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में भारत सहित ग्रीस, कनाडा, थाईलैंड, जर्मनी और सिंगापुर के विशेषज्ञ, शिक्षाविद, उद्योग प्रतिनिधि और शोधकर्ता भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक्स प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग के स्वरूप में तेजी से बदलाव ला रहे हैं। ऐसे में उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत समन्वय के साथ अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं से नई तकनीकों पर काम कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग की जरूरत बताई। सम्मेलन में एआई, रोबोटिक्स, स्वचालन, स्मार्ट प्रिंटिंग, पैकेजिंग तकनीक और डिजिटल बदलाव पर विशेषज्ञ व्याख्यान व तकनीकी सत्र होंगे।
इस दौरान प्रिंटिंग विभाग के डॉ. बिजेंद्र कौशिक को प्रिंटिंग श्री अवार्ड तथा प्रिंट ओलम्पियाड विजेता साक्षी प्रशांत सोनावले को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।

Girish Saini 

