महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता का प्रतीक है अहिल्याबाई होल्करः शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

भाजपा सरकार रानी अहिल्याबाई के दिखाए मार्ग पर चल कर रही हर वर्ग का उत्थान।

महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता का प्रतीक है अहिल्याबाई होल्करः शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

रोहतक, गिरीश सैनी। महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को भाजपा कार्यालय मंगल कमल में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई होलकर ने महिष्मति में साड़ी उद्योग को बढ़ावा देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने का कार्य किया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि देवी अहिल्याबाई एक कुशल प्रशासक एवं महान योद्धा के साथ-साथ सामाजिक न्याय, महिला उत्थान, शोषित एवं वंचितो की मसीहा थी, जिन्हें शिक्षा के प्रचार प्रसार के साथ-साथ देश में धर्म स्थलों के पुर्नउद्धार के लिए भी जाना जाता है। रानी अहिल्याबाई के विचारों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि उनके द्वारा महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश में किये गये सामाजिक न्याय के कारण ही देश की ’’लोकमाता’’ एवं ’’देवी अहिल्याबाई’’ के नाम से जाना जाता है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के चौंडी गांव में जन्मी मालवा साम्राज्य की महारानी अहिल्याबाई ने काशी विश्वनाथ और सोमनाथ जैसे मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाया। उन्होंने धर्म, प्रशासन और न्याय का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन आज भी भारतीय महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार रानी अहिल्याबाई होल्कर के दिखाए मार्ग पर चलते हुए हर वर्ग का उत्थान कर रही है। मोदी और नायब सरकार ने नारी शक्ति के सम्मान और उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेकों योजनाएं बनाई है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि रानी अहिल्याबाई होलकर की 300 वीं जयंती पर उनके त्याग बलिदान से आने वाली पीढ़ियों को अवगत कराएं।

इस दौरान रोहतक नगर निगम के मेयर रामअवतार वाल्मीकि, केश कला बोर्ड के चेयरमैन यशपाल ठाकुर, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर खरक, पूर्व चेयरमैन प्रतिभा सुमन, कार्यक्रम संयोजक सतबीर सैनी, जिला महामंत्री आशा शर्मा, निगम पार्षद अक्षय मोखरा व अंजू सैनी, रमा बल्हारा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।