नितिन नबीन की पदयात्रा से पहले भाजपा ने चलाया स्वच्छता अभियान, प्रदेशाध्यक्ष ने किया श्रमदान

डॉ. अर्चना गुप्ता बोली, स्वच्छता हर नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी

नितिन नबीन की पदयात्रा से पहले भाजपा ने चलाया स्वच्छता अभियान, प्रदेशाध्यक्ष ने किया श्रमदान

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की एक नवंबर को रोहतक में प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले शनिवार को प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मेडिकल मोड़ पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान कर पदयात्रा मार्ग के आसपास सफाई की तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया है। इसकी सफलता के लिए जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की पदयात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और कार्यक्रम की तैयारियां सुनियोजित ढंग से की जा रही हैं।

इस दौरान पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेश्वर दयाल सहित अन्य मौजूद रहे।