40 वर्ष की आयु के बाद साल में एक बार अवश्य कराएं स्वास्थ्य जांचः डॉ वरुण अरोड़ा
खेड़ी साध में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप में 140 की जांच हुई।
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक के कम्युनिटी मेडिसन विभाग द्वारा डॉ. वरुण अरोड़ा और डॉ. हिमानी की देखरेख में गांव खेड़ी साध में एक मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ नीलम कुमार ने रिबन काट कर किया। इस दौरान लगभग 140 मरीजों की जांच की गई और उचित परामर्श दिया गया।
डॉ वरुण अरोड़ा ने बताया कि कैंप में जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवा, चश्मा आदि वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए 40 वर्ष की उम्र के बाद साल में एक बार अवश्य स्वास्थ्य जांच करवानी चाहिए। विभागाध्यक्ष डॉ नीलम कुमार ने बताया कि इस मेगा हेल्थ कैंप का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना रहा। इस दौरान पांच गांवों - खेड़ी साध, मकड़ौली खुर्द, मकड़ौली कलां, भैयापुर लाढौत, भैयापुर के ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और इलाज प्रदान किया गया।
इस दौरान डॉ विदिप्ता, डॉ विदांत, डॉ पलक, डॉ निशा दलाल, डॉ आंचल व डॉ सोनाली की टीम ने ग्रामीणों की जांच की और जरूरतमंदों को दवाइयां मुफ्त वितरित की। इसके साथ ही, डॉ जागृति, डॉ शुभांशी व डॉ प्राची की टीम ने ग्रामीणों के दांतों की जांच की। ब्लॉक एजुकेटर सत्यवान बल्हारा ने बताया कि इन पांचों गांवों में फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम के तहत हर वर्ष मेगा हेल्थ कैंप लगाए जाते हैं। इसी कड़ी में, 19 मार्च को लाढ़ौत गांव में मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा।

Girish Saini 

