सुपवा के पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले आज से शुरू, 10 जुलाई तक कर कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
यूजी कोर्सेज में ऑनलाइन आवेदन 26 जून तक।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए एडमिशन पोर्टल मंगलवार से खुलेगा। स्नातक उतीर्ण करने वाले विद्यार्थी सुपना में संचालित मास्टर ऑफ विजुअल आर्ट्स, मास्टर ऑफ डिजाइन व मास्टर ऑफ प्लानिंग में दाखिला ले सकते हैं। इच्छुक छात्र विवि की वेबसाइट पर 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
डीन एकेडमिक अफेयर्स, डॉ अजय कौशिक ने बताया कि पीजी कोर्सेज में प्रवेश के लिए एडमिशन पोर्टल 2 जून से खुलेगा और 10 जुलाई तक छात्र पंजीकरण शुल्क के साथ ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म जमा करा सकेंगे। 17 जुलाई को विवि नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर फाइनल परिणाम घोषित किया जाएगा। 14 जुलाई को पहली काउंसलिंग होगी व प्रवेश शुल्क जमा कराया जाएगा। 3 अगस्त से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी।
उन्होंने बताया कि विजुअल आर्ट्स फैकल्टी में मास्टर ऑफ विजुअल आर्ट्स में दाखिला लेकर छात्र एप्लाइड आर्ट्स, पेंटिंग, प्रिंटमेकिंग व स्कल्पचर में स्नातकोत्तर अध्ययन कर सकते हैं। डिजाइन फैकल्टी में मास्टर ऑफ डिजाइन में दाखिला ले कर फैशन डिजाइन व टेक्सटाइल डिजाइन में पीजी डिग्री की जा सकती है। वहीं, प्लानिंग एवं आर्किटेक्चर फैकल्टी में संचालित मास्टर ऑफ प्लानिंग (अर्बन एवं रीजनल) में प्रवेश उपलब्ध है।
डीन एकेडमिक अफेयर्स ने बताया कि विवि यूजी कोर्सेज में दाखिले की प्रक्रिया पहले से जारी है। 15 मई को यूजी कोर्सेज में प्रवेश का ऑनलाइन पोर्टल खुला था, जिसके तहत 26 जून तक पंजीकरण शुल्क के साथ ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म जमा कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सुपवा में यूजी व पीजी के ऐसे पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं, जो किसी अन्य सरकारी विवि में नहीं है। निजी शिक्षण संस्थानों से ये कोर्स करने के लिए छात्रों को लाखों रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं, जबकि, सुपवा में ये सभी कोर्स सरकार द्वारा निर्धारित फीस में ही करवाए जाते हैं।
Girish Saini 

