सीबीएलयू में डिप्लोमा-सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिले 30 सितंबर तक
रोहतक/भिवानी, गिरीश सैनी। चौ. बंसीलाल विवि, भिवानी (सीबीएलयू) में पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सुनीता भरतवाल और एडमिशन कोऑर्डिनेटर प्रो. सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि विद्यार्थियों की मांग और विभिन्न विवि के परीक्षा परिणाम देरी से जारी होने के कारण यह निर्णय लिया गया है।
इन पाठ्यक्रमों की कक्षाएं सप्ताहांत यानी शनिवार और रविवार को संचालित होंगी। उपलब्ध पाठ्यक्रमों में खेल प्रबंधन, ड्रोन प्रौद्योगिकी, जर्मन, फ्रेंच, अनुवाद, संगीत, नृत्य, रंगमंच, पत्रकारिता एवं जनसंचार, पीजीडीसीए, साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल फॉरेंसिक, सोशल वर्क, फैशन डिजाइनिंग और मानवाधिकार शामिल हैं।
विवि के अनुसार डिग्री के साथ डिप्लोमा करने की सुविधा से विद्यार्थी एक साथ दो पाठ्यक्रम कर सकेंगे। नौकरीपेशा और कार्यरत प्रोफेशनल भी इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। यूजी पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर भी 30 सितंबर तक दाखिले होंगे। चयनित विद्यार्थियों की सूची प्रतिदिन दोपहर 12 बजे जारी होगी और उसी दिन फीस जमा करनी होगी।

Girish Saini 

