हरियाणा के सभी राजकीय व निजी आईटीआई में दाखिले आज से शुरू, ऑनलाइन आवेदन 15 जून तकः डीसी सचिन गुप्ता
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए 2 से 15 जून 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन स्वीकृत किये जायेंगे। उन्होंने इच्छुक युवाओं का आह्वान किया है कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर वांछित व्यवसाय में दाखिला लें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), हसनगढ़ में भी हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जहां वे दाखिले संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं तथा आवेदन प्रक्रिया में सहायता ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि आईटीआई हसनगढ़ में इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन, एम.ए.ई.ई., एम.एम.वी., आर.ए.सी. सहित कुल 19 व्यवसायों में प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। दाखिले से संबंधित विस्तृत जानकारी, आवश्यक दस्तावेज, योग्यता, पात्रता तथा अन्य दिशा-निर्देश हरियाणा आईटीआई प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध हैं। उपायुक्त ने युवाओं एवं अभिभावकों का आह्वान किया कि वे कौशल आधारित शिक्षा को अपनाते हुए आईटीआई में उपलब्ध विभिन्न ट्रेडों का लाभ उठाएं।
Girish Saini 

