आईएचटीएम में होटल एवं पर्यटन के पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले जारी

आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून।

आईएचटीएम में होटल एवं पर्यटन के पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले जारी

रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए एमडीयू के होटल एवं पर्यटन प्रबंधन संस्थान (आईएचटीएम) में होटल एवं पर्यटन के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों एमटीटीएम व एमएचएमसीटी में दाखिले जारी हैं। निदेशक आईएचटीएम प्रो. संदीप मलिक ने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म क्षेत्र आज वैश्विक करियर अवसरों का बड़ा माध्यम बन चुका है, जहां होटल, एयरलाइंस, ट्रैवल कंपनियों, इवेंट्स, क्रूज, डेस्टिनेशन मैनेजमेंट और उद्यमिता के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने बताया कि इन पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किसी भी संकाय से स्नातक/स्नातकोत्तर डिग्री में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। हरियाणा के एससी/एसटी/दृष्टिबाधित एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 42.75 प्रतिशत अंक की पात्रता रखी गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून है। एमटीटीएम व एमएचएमसीटी के लिए प्रवेश परीक्षा 13 जुलाई  को दोपहर 12:30 से 1:45 बजे तक विवि में आयोजित होगी।