एमडीयू के डिस्टेंस-ऑनलाइन कोर्स में दाखिले जारी, ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर तक

एमडीयू के डिस्टेंस-ऑनलाइन कोर्स में दाखिले जारी, ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर तक

रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमडीयू के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) में डिस्टेंस और ऑनलाइन मोड के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले जारी हैं। इच्छुक विद्यार्थी 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सीडीओई निदेशक प्रो. राजेश धनखड़ ने बताया कि विद्यार्थियों को लचीले और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा विकल्प उपलब्ध कराने के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनसे विद्यार्थी नियमित कक्षाओं में उपस्थित हुए बिना पढ़ाई के साथ अन्य कार्य भी जारी रख सकते हैं।

डिस्टेंस मोड में बीए, बीकॉम तथा एमए में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, अर्थशास्त्र, इतिहास और पत्रकारिता एवं जनसंचार के पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इसके अलावा एमकॉम और गणित में एमएससी में भी प्रवेश लिया जा सकता है।

ऑनलाइन मोड में बीए, एमए, एमकॉम और गणित में एमएससी संचालित किए जा रहे हैं। एमए में हिंदी, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, अर्थशास्त्र और इतिहास विषय शामिल हैं।

डिग्री के साथ स्किल कोर्स भी

सीडीओई ने रोजगारपरक कौशल विकसित करने के लिए फूड ट्रक ऑपरेशंस, जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, अंग्रेजी कम्युनिकेशन स्किल्स और प्रोफेशनल स्किल्स के सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू किए हैं।

प्रॉस्पेक्टस एमडीयू की वेबसाइट पर उपलब्ध है।