सुपवा में विभिन्न यूजी पाठ्यक्रमों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू

वीसी डॉ अमित आर्य ने पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए क्वालिटी एडमिशन पर फोकस रखने के निर्देश दिए।

सुपवा में विभिन्न यूजी पाठ्यक्रमों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा व अन्य अधिकारियों के साथ शुक्रवार को विवि के अंडर ग्रेजुएट कोर्सेज में दाखिले के लिए एडमिशन पोर्टल लॉन्च किया। पीजी कोर्सेज के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो 2 जून से खुलेगी।इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विवि के प्रॉस्पेक्ट्स का विमोचन भी किया गया।

एडमिशन पोर्टल लॉन्च करते हुए कुलपति डॉ अमित आर्य ने कहा कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ अपनाते हुए क्वालिटी एडमिशन पर फोकस रखा जाए। उन्होंने विवि परिसर में तुरंत हेल्प डेस्क शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों व उनके अभिभावकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस बार हेल्प डेस्क पर मोबाइल नंबरों के अलावा लैंड लाइन नंबर भी उपलब्ध रहेंगे, जिन पर छात्र दाखिले से संबंधी जानकारी हासिल कर सकेंगे। हेल्प डेस्क पर सभी फैकल्टी और स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है।

लॉन्च के दौरान कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा सहित डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ अजय कौशिक, एफसी एफटीवी महेश टीपी, एफसी डिजाइन डॉ शैली खन्ना, एफसी विजुअल आर्ट्स विनय कुमार, एफसी आर्किटेक्चर अजय बाहू जोशी, डायरेक्टर आईटी डॉ सीमा एवं अन्य विभागों के एचओडी व संकाय सदस्य भी मौजूद रहे।

कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि इस शैक्षणिक सत्र से दो नए पीजी कोर्स - मास्टर ऑफ विजुअल आर्ट्स इन प्रिंटमेकिंग व मास्टर ऑफ डिजाइन इन टेक्सटाइल डिजाइन भी शुरू किए जा रहे हैं, जो विजुअल आर्ट्स फैकल्टी व डिजाइन फैकल्टी में संचालित होंगे।

यूजी कोर्सेज के लिए ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म 26 जून तक रजिस्ट्रेशन फीस के साथ भरे जा सकेंगे। 3 जुलाई को विवि वेबसाइट पर एडमिट कार्ड उपलब्ध होंगे। 16 से 18 जुलाई तक प्रवेश परीक्षा व स्किल टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। 23 जुलाई को विवि वेबसाइट व नोटिस बोर्ड पर परिणाम घोषित होगा। 27 जुलाई को विजुअल आर्ट्स फैकल्टी के तहत चलने वाले कोर्सेज की पहली काउंसलिंग होगी और साथ ही छात्र एडमिशन फीस जमा करा सकेंगे। 28 जुलाई को डिजाइन फैकल्टी के तहत चलने वाले कोर्स की पहली काउंसलिंग की जाएगी व चयनित छात्र फीस जमा करा सकेंगे। फिल्म एंड टेलीविजन फैकल्टी के तहत चलने वाले कोर्सेज की पहली काउंसलिंग 27 से 29 जुलाई तक चलेगी और छात्र अपनी फीस जमा करा सकेंगे। 3 अगस्त से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी।

कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि पीजी कोर्सेज के लिए ऑनलाइन एडमिशन 2 जून से भरे जा सकेंगे। 10 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन फीस के साथ ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म भरे जा सकेंगे। 17 जुलाई को विवि वेबसाइट व नोटिस बोर्ड पर फाइनल परिणाम घोषित होगा। 24 जुलाई को पहली काउंसलिंग होगी और चयनित छात्र एडमिशन फीस जमा करा सकेंगे। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 3 अगस्त से होगी।